अधिकारी व बाबू ने लगायी दौड़, ताकि मतदाता हो मतदान के लिए जागरूक

– शहरी मतदाताओं को मतदान करने के लिए जागरूक करने को स्वीप कोषांग ने किया आयोजन

कुमार अभय की रिपोर्ट

बुधवार की सुबह चास की सड़कों पर जिला प्रशासन के विभिन्न विभाग के अधिकारी दौड़ लगाते नजर आयें. अधिकारी खुद की सेहत के लिए दौड़ नहीं लगा रहे थे, बल्कि दौड़ इसलिए लगा रहे थे कि हम और आप जैसे मतदाता मतदान के दिन वोट यानी मताधिकार का अवश्य प्रयोग करें. दौड़ लगाया जा रहा था मतदाता जागरूकता के लिए.

जिला में मतदान प्रतिशत बढ़ाने को लेकर स्वीप कोषांग की ओर से लगातार मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है. शहरी मतदाताओं को जागरूक करने के लिए रन फॉर वोट का आयोजन स्वीप कोषांग द्वारा किया गया. रन फॉर वोट की शुरुआत महावीर चौक चास से शुरू होकर धर्मशाला चौक, तेलीडीह मोड़, चेक पोस्ट चौक होते हुए गरगा पुल स्थित सरदार पटेल प्रतिमा स्थल आकर समाप्त हुई. मतदान से संबंधित सलोग्न लिखी तख्तियों को लेकर मतदान करने का नारा लगाया.

वरीय नोडल पदाधिकारी निर्वाचन सह डीडीसी संदीप कुमार ने कहा : जिला का मतदान प्रतिशत संतोषजनक नहीं है. इस बार जिला प्रशासन ने इसे बढ़ाने का लक्ष्य रखा है. इसी के तहत रन फॉर वोट आयोजित की गयी है. डीडीसी संदीप कुमार ने बताया : मतदान केंद्रों में शौचालय, शेड, पेयजल आदि की सारी सुविधाएं उपलब्ध करायी गई है, ताकि मतदाताओं को किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हो. डीडीसी संदीप कुमार ने शहरी क्षेत्रों में मतदान दिवस के दिन अधिक से अधिक लोगों को मताधिकार का इस्तेमाल करने की अपील की. वहीं, स्वीप के नोडल श्री प्रभाष दत्ता ने कहा : इस बार जिला प्रशासन ने मतदान प्रतिशत बढ़ाने का लक्ष्य रखा है. इसी क्रम में शहरी मतदाताओं को जागरूक करने के लिए विभिन्न आयोजन किया जा रहा है. डीडीसी ने सभी प्रतिभागियों व आमजन को मतदाता प्रतिज्ञा दिलाया.

15 प्रतिभागी हुए सम्मानित

रन फॉर वोट के सफल प्रथम 15 प्रतिभागियों को सम्मानित किया. इसमें प्रेम चांद महतो, ठाकुर दास महतो, जलंधर रजवार, अक्षय मुंडा, जय प्रकाश, प्रेम कुमार, शाहिल कुमार, लव कुमार, रूद्र प्रताप, अर्जुन कुमार महतो, छोटू मान, गायत्री महतो, विमल,आकाश व ज्योति महतो को सम्मानित किया गया. मौके पर मीडिया कोषांग की वरीय नोडल मेनका, स्वीप नोडल पदाधिकारी प्रभाष दत्ता, प्रभारी पदाधिकारी स्वीप जगरनाथ लोहरा, साकेत कुमार पांडेय, अतुल कुमार चौबे, हेमलता बुन, अविनाश कुमार सिंह, प्रकाश रंजन, प्रदीप कुमार, पंकज दूबे, शैलेंद्र मिश्र समेत विभागीय अधिकारी, कर्मी व आमजन मौजूद थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *