वंदे भारत एक्सप्रेस का बोकारो में हुआ जोरदार स्वागत

झारखंड को आज तीसरी वंदे भारत ट्रेन की सौगात मिली है। पटना, हावड़ा के बाद तीसरी वंदे भारत ट्रेन रांची-बनारस के रूप में शुरू हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बोकारो रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस के स्वागत के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। बोकारो विधायक बिरंची नारायण ने कहा: वंदे भारत एक्सप्रेस का बोकारो से होकर परिचालन होने से बोकारो की यात्रियों को सुविधा मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्टेशनों का कायाकल्प कर रहे हैं और नई-नई ट्रेनों का परिचालन हो रहा है। वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के बाद बुलेट ट्रेन भी चले ये भी जल्द पूरा होने की उम्मीद हम लगा सकते है, क्योंकि प्रधानमंत्री जिस तरीके से काम कर रहे है ये भी सपना जल्द पूरा होगा।

विधायक बिरंची नारायण के साथ साथ रेलवे के अधिकारी भी मौजूद रहे। बोकारो रेलवे स्टेशन को सजाया गया जहां एलईडी सिस्टम के तहत कार्यक्रम की लाइव व्यवस्था की गई थी, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम को दिखाया गया। आज रांची-बनारस वंदे भारत ट्रेन का उद्घाटन किया गया। यह ट्रेन नियमित रूप से 18 मार्च से चलेगी। निर्धारित समय के मुताबिक ट्रेन सुबह 5.10 बजे खुलेगी और दोपहर 1.00 बजे बनारस पहुंच जाएगी।

वहीं बनारस से ट्रेन शाम 4.05 बजे खुलेगी जो रात 11.55 बजे रांची पहुंचेगी। रांची से बनारस का सफर 7 घंटे 50 मिनट का होगा। जारी शेड्यूल के मुताबिक यह ट्रेन हफ्ते में छह दिन चलेगा। एक दिन गुरुवार को ट्रेन का परिचालन नहीं होगा।

भगवा रंग का होगा ट्रेन, रिक्लाइनिंग ऐंगल बढ़ा
रांची से बनारस के लिए शुरू हो रही वंदे भारत ट्रेन में यात्रियों को नए अनुभव होंगे। अब तक रांची से पटना और हावड़ा के लिए खुलने वाली ट्रेन नीले रंग की है, जबकि बनारस के लिए खुल रही ट्रेन भगवा रंग का होगा। भगवा रंग की वंदे भारत ट्रेन में सीटें अपेक्षाकृत गद्देदार सीट है। गहरा वॉश बेसिन तथा सीट का रिक्लाइनिंग ऐंगल बढ़ाया गया है।

वहीं ट्रेन में चार्जिंग पॉइंट भी सुविधाजनक दी गई है। शौचालय की लाइट 1.5 से बढ़ाकर 2.5 वॉट की गयी है। शौचालय हैंडल फ्लेक्सिबल किया गया है, ताकि उसे पकड़ने में आसानी हो। ड्राइवर के कंट्रोल पैनल में इमरजेंसी स्टॉप पुश बटन को इंटरचेंज किया गया है ताकि उसका एक्सेस आसान हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *