VARTAMAN

मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन के लंबित आवेदन को करें जल्द निष्पादित

उपायुक्त विजया जाधव ने सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा व सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों के साथ की बैठक

बोकारो समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त विजया जाधव ने मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना प्रगति की समीक्षा की. डीसी श्रीमती विजया जाधव ने मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना का लाभ देने को लेकर पिछले दिनों चार दिवसीय पंचायत स्तरीय आयोजित पेंशन शिविर में प्राप्त आवेदन व स्वीकृती की जानकारी ली. लक्ष्य के विरुद्ध कम आवेदन संग्रहण, डाटा इंट्री, सत्यापन व स्वीकृति में खराब प्रदर्शन वाले प्रखंड को प्रदर्शन में अविलंब सुधार लाने को कहा. डीसी श्रीमती जाधव ने कहा : अतिरिक्त कंप्यूटर आपरेटर लगाकर स्वीकृत आवेदनों के डाटा को पोर्टल पर अविलंब अपलोड करें. अतिरिक्त आपरेटर को मानदेय की राशि जिला से उपलब्ध करायी जायेगी.
उपायुक्त श्रीमती विजया जाधव ने प्रखंड स्तर पर बीएलसीसी की बैठक कर बैंक से संबंधित समस्याओं का समाधान करने को कहा. आवेदनों के सत्यापन कार्य में आंगनबाड़ी कर्मियों, जेएसएलपीएस की महिला दीदी, मुखिया, पंचायत प्रतिनिधि आदि का सहयोग लेने की बात कही. मौके पर उप विकास आयुक्त संदीप कुमार, अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा पीयूष, सभी बीडीओ व अन्य मौजूद थे.

Exit mobile version