डीईओ विजया जाधव ने की बैठक
बोकारो: जिला निर्वाचन पदाधिकारी डीईओ सह उपायुक्त डीसी विजया जाधव ने शनिवार को सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (व सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह बीडीओ-सीओ के साथ बैठक की. 04 मार्च को होने वाले सोशल मीडिया अभियान #IamVerifiedVoter को सफल बनाने और अभियान को लेकर बूथ लेवल आफिसर को जानकारी देने को कहा. वोटर हेल्पलाईन एप या वोटर्स सर्विस पोर्टल की जानकारी देने की बात कही. ताकि, बीएलओ मतदाताओं को इसकी जानकारी दे सकें. डीईओ सह डीसी ने कहा : उक्त तिथि को सभी बीएलओ मतदान केंद्र पर पर्याप्त संख्या में फॉर्म 06, फॉर्म 07 व फॉर्म 08 रखेंगे. अभियान के दिन सभी ईआरओ – एईआरओ मतदान केंद्र का निरीक्षण करेंगे.
डीईओ सह डीसी श्रीमती जाधव ने सभी बीडीओ व सीओ को बीएलओ के साथ समन्वय बना कर मतदान केंद्र में अश्योर्ड मिनिमम फैसिलिटी सुनिश्चित करने को कहा. उन्होने कहा : छोटे – मोटे कार्य के निष्पादन को लेकर सभी बीएलओ को राशि उपलब्ध कराई जा रही है. बीएलओ द्वारा एएसडी (अब्सेंट, शिफ्टेड या डेड) व 85 प्लस वरिष्ठ नागरिक व दिव्यांग मतदाताओं का हाउस टू हाउस सर्वे किया जाना है. इसके लिए सभी को विस्तृत प्रशिक्षण दें.
डीईओ सह डीसी ने सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह बीडीओ-सीओ को सखी मतदान केंद्र, यूथ मैनेज मतदान केंद्र आदि को चिन्हित करने, मतदान केंद्र पर मतदाताओं को कतारबद्ध करने व उपलब्ध सहूलियत को सुनिश्चित करने में सहयोग करने के लिए स्वयं सेवकों को चिन्हित करने को कहा. कलस्टर व मतदान केंद्रों पर मतदान कर्मियों के भोजन आदि की व्यवस्था विद्यालय की माता समिति, मुख्यमंत्री दाल भात केंद्र आदि के साथ टैग कर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. जिला पंचायती राज पदाधिकारी को मतदान केंद्र के आसपास साफ-सफाई, मतदान केंद्र के पानी टंकी की साफ-सफाई आदि सुनिश्चित करने को कहा.
बैठक में बीडीओ-सीओ व पुलिस पदाधिकारियों को सीमावर्ती क्षेत्रों में स्थापित चेक पोस्ट पर गहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया. डीईओ सह डीसी ने कहा : आस पास के होटल, ढ़ाबों में भी उत्पाद टीम के साथ छापेमारी अभियान चलाया जाए. लोकसभा निर्वाचन को देखते हुए धारा 107 व 116 के तहत कार्रवाई करने वालों की अद्यतन सूची तैयार करने का निर्देश दिया. पुलिस अधीक्षक पूज्य प्रकाश ने समन्वय के साथ बीडीओ- सीओ, थाना प्रभारी, पुलिस पदाधिकारियों को काम करने का निर्देश दिया. निर्वाचन के सभी दायित्व के निष्पादन में गंभीरता बरतने को कहा.

