नई दिल्ली। झारखंड में भाजपा और आजसू साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे। दिल्ली में अमित शाह से मुलाक़ात के बाद सुदेश महतो ने इसका ऐलान किया है। सुदेश महतो ने कहा कि झारखंड के इतिहास में इतनी ख़राब सरकार कभी नहीं रही, जितनी की वर्तमान हेमंत सोरेन की सरकार है। अगर इस सरकार को नहीं हटाया गया तो झारखंड का विकास रसातल में चला जाएगा।
ऐलान के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिल सकते हैं सुदेश महतो
झारखंड में भाजपा-आजसू गठबंधन के अधिकारिक घोषणा के के बाद सुदेश महतो ने कहा कि मेरा मकसद सिर्फ़ और सिर्फ़ झारखंड का विकास है। युवाओं का सपना कैसे पूरा हो, गरीबों के जीवन स्तर में सुधार हो, छात्रों को रोजगार मिले, इसी को लेकर हम आगे बढ़ेंगे।
कितनी सीटों पर लड़ेगी AJSU?
कौन सा दल कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगा? इस सवाल के जवाब में सुदेश महतो ने कहा कि सबकुछ तय कर लिया गया है, पर अभी ये बताना उचित नहीं होगा। सही समय पर दोनों दल मिलकर इसका ऐलान कर देंगे। सीटों को लेकर दोनों दलों में किसी भी तरह का कोई मतभेद नहीं है।
जेडीयू के NDA में शामिल होने पर क्या बोले सुदेश महतो
सुदेश महतो ने बताया कि हमने सिर्फ़ आजसू और बीजेपी के बीच गठबंधन पर बात की है। जेडीयू NDA में शामिल होगा या नहीं, ये बीजेपी और जेडीयू के बीच की बात है। इसपर मैं कुछ बोलूं, ये उचित नहीं होगा। हमारा मकसद इस भ्रष्टाचारी सरकार को हटाकर, झारखंड में विकास की रफ़्तार तेज करना है। हम एक बड़े मकसद को लेकर चल रहे हैं।
