बोकारो जिला के मतदान केंद्र पर सहयोग के लिए तैनात होंगे वॉलेंटियर

– जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी ने विभिन्न कोषांगों की समीक्षा बैठक

कुमार अभय की रिपोर्ट

समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त विजया जाधव ने लोकसभा चुनाव के सफल संचालन को लेकर गठित विभिन्न कोषांग की बैठक की. कर्मिक कोषांग, सामग्री कोषांग, ईवीएम कोषांग, वाहन कोषांग, निर्वाचन कोषांग, विधि व्यवस्था कोषांग, व्यय लेखा कोषांग, प्रशिक्षण कोषांग, प्रेक्षक कोषांग, मीडिया कोषांग, डाक मतपत्र पीडब्ल्यूडी कोषांग, स्वीप कोषांग, नियंत्रण कक्ष कोषांग की क्रमवार समीक्षा की गयी.

डीईओ सह डीसी विजया जाधव ने मतदान के दिन जिला के सभी 1581 मतदान केंद्र पर मतदाताओं की सहायता को लेकर वोलेंटियर तैनात करने की बात कही. श्रीमती जाधव ने कहा : वोलेंटियर 14 से 18 आयु वर्ष के विद्यार्थी, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड के सदस्य होंगे. प्रति मतदान केंद्र के लिए दो छात्र – दो छात्रा चिन्हित व सूची तैयार कर उन्हें दायित्व के बारे में समझाने को कहा. इन छात्र – छात्राओं को आइडी, प्रशस्ति पत्र भी मिलेगा.

समीक्षा क्रम में सेक्टर 08 स्थित बोकारो इस्पात सीनियर सेकेंडरी स्कूल में सामग्री कोषांग का संचालन शुरू करने, मंत्रिमंडल निर्वाचन रांची कार्यालय से प्राप्त होने वाले सामग्री का वहां भंडारण करने व आगे के कार्यों को ससमय निष्पादित करने की बात डीईओ सह डीसी श्रीमती जाधव ने की. साथ ही, स्कूल परिसर के सभी संबंधित कोषांगों के लिए कमरा व आस -पास परिसर की साफ-सफाई का कार्य जिला नजारत उप समाहर्ता को पूरा करने का निर्देश दिया.

पुलिस विभाग नहीं करेगा वाहन का अधिग्रहण

डीईओ सह डीसी श्रीमती जाधव ने वाहन कोषांग की समीक्षा कर निर्वाचन कार्य में इस्तेमाल होने वाले वाहनों का आंकलन करते हुए वाहन का अधिग्रहण कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा. सभी तरह के वाहनों का अधिग्रहण वाहन कोषांग की ओर से ही किया जायेगा. पुलिस महानिरीक्षक उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र के निर्देश पर पुलिस विभाग की ओर से अलग से वाहनों का अधिग्रहण नहीं होगा. आवश्यकता अनुरूप वाहन कोषांग से ही पुलिस विभाग को वाहन की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जायेगी.

निर्वाचन से संबंधित सभी पदाधिकारियों-कर्मियों के संपर्क नंबर समेत, गठित कोषांग की जानकारी से संबंधित डिस्ट्रिक्ट बुकलेट तैयार करने का निर्देश दिया गया. विधि – व्यवस्था सह सी-विजिल कोषांग को आदर्श आचार संहिता का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश मिला. प्रशिक्षण कोषांग को सभी मतदान कर्मियों को आयोग के दिशा–निर्देश अनुरूप प्रशिक्षण दिलाने को कहा गया. संबंधित कोषांग के नोडल पदाधिकारी ने बताया कि मतदान कर्मियों का प्रशिक्षण जारी है, जो 31 मार्च तक चलेगा.

डीईओ सह डीसी विजया जाधव ने पोस्टल बैलेट सह पीडब्ल्यूडी कोषांग की समीक्षा करते हुए कहा : दिव्यांग मतदाता व 85 प्लस आयु के मतदाताओं के लिए ट्राई साइकिल की आवश्यकता का आंकलन कर उपलब्धता व आस -पास के जिलों से समन्वय स्थापित कर ट्राई साइकिल प्राप्त की जाये. स्वीप कोषांग को मतदान प्रतिशत बढ़ाने को लेकर व्यापक स्तर पर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया.

मौके पर निर्वाचन कोषांग के वरीय पदाधिकारी सह डीडीसी संदीप कुमार, स्वीप कोषांग के वरीय नोडल पदाधिकारी सह एएमसी सौरव कुमार भुवानिया, सामग्री कोषांग की वरीय नोडल पदाधिकारी सह डीपीएलआर मेनका,विधि-व्यवस्था कोषांग के वरीय नोडल पदाधिकारी सह एसी मुमताज अंसारी, एमसीएमसी कोषांग के नोडल पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी चास ओम प्रकाश गुप्ता समेत सभी कोषांगों के वरीय व नोडल पदाधिकारी मौजूद थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *