
- 17 मार्च को दो पाली में आयोजित होने वाली है परीक्षा.
कुमार अभय की रिपोर्ट
17 मार्च को होने वाली झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा 2023 के सफल संचालन को लेकर उपायुक्त विजया जाधव व पुलिस अधीक्षक पूज्य प्रकाश ने न्याय सदन सभागार में बैठक की. सभी उड़नदस्ता दल,पर्यवेक्षक-सह-स्टैटिक दंडाधिकारी, केंद्राधीक्षकों आदि के साथ बैठक हुई. उपायुक्त ने केंद्राधीक्षकों को कदाचारमुक्त माहौल में परीक्षा संपन्न कराने को लेकर निर्देश दिया. डीसी श्रीमती जाधव ने कहा कि किसी भी स्तर से कोई चूक नहीं होनी चाहिए. झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा परीक्षा संचालन को लेकर जारी मार्ग- निर्देशिका का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित हो. केंद्रों पर ससमय ओएमआर सीट एवं अन्य सामग्री उपलब्ध हो जाएं, इसे समन्वय के साथ नोडल पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. वहीं,प्रश्नपत्र व ओएमआर सीट परीक्षा तिथि को मजिस्ट्रेट व पुलिस बल को ससमय कोषागार से परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने एवं वहां से प्रश्नपत्र-ओएमआर सीट को पुनः कोषागार लाने को कहा.
पुलिस अधीक्षक पूज्य प्रकाश ने कहा कि पर्याप्त संख्या में पुलिस बल को प्रतिनियुक्त किया गया है. सभी अपने दायित्वों का सही ढंग से निष्पादन करें. कहीं किसी भी स्तर से कोई लापरवाही नहीं हो. अपर समाहर्ता मुमताज असंरी एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी जगरनाथ लोहरा ने परीक्षा को लेकर विस्तृत गाइड लाइन से सभी को अवगत कराया. किसी भी तरह की कोई समस्या होने पर अविलंब जिला नियंत्रण कक्ष में सूचित करने का निर्देश दिया. बताते चले कि झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा 2023 के लिए जिला के सभी प्रखंड में 59 परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जिसमें कुल 27,569 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे. परीक्षा दो पाली में होगी. प्रथम पाली पूर्वाह्न 10.00 बजे से अपराह्न 12.00 बजे (दो घंटे) एवं द्वितीय पाली अपराह्न 02.00 बजे से अपराह्न 4.00 बजे तक होगी.
