2023 में निर्वाचन नियमावली में किए गए हैं कई बदलाव, नियमावली को अच्छे से समझें अधिकारी

2023 में निर्वाचन नियमावली में किए गए हैं कई बदलाव, नियमावली को अच्छे से समझें अधिकारी

– लोकसभा आम चुनाव 2024 की तैयारियों को लेकर एडीशनल सीईओ मंत्रिमंडल निर्वाचन संदीप सिंह ने की बैठक

रवि शेखर, बोकारो
समाहरणालय स्थित सभागार में मंगलवार को एडीशनल सीईओ मंत्रिमंडल निर्वाचन संदीप सिंह ने लोकसभा आम चुनाव 2024 को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त विजया जाधव समेत गठित विभिन्न कोषांगों के वरीय एवं नोडल पदाधिकारियों के साथ बैठक की।

एडीशनल सीईओ मंत्रिमंडल निर्वाचन संदीप सिंह ने कहा कि निर्वाचन नियमावली को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा वर्ष 2023 में अद्यतन किया गया है। आवश्यकतानुसार नियमावली में कई बदलाव किये गए हैं। कई नई बातों को जोड़ा गया है। आयोग ने कई नयी आइटी एप को विकसित किया है। इस बार के निर्वाचन में इन आइटी एप (सी-विजील,वोटर हेल्प लाइन आदि) की अहम भूमिका रहेगी। इसलिए निर्वाचन नियमावली की पुस्तक को सभी अधिकारी ध्यान से पढ़ें। उन्होंने जिला निर्वाचन पदाधिकारी, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ), सभी कोषांग के वरीय एवं नोडल पदाधिकारी को इसे सुनिश्चित करने को कहा।

मौके पर जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरेंद्र कुमार ने निर्वाचन से पूर्व तैयारियों की पीपीटी के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी। एडीशनल सीईओ मंत्रिमंडल निर्वाचन ने सभी अधिकारियों को ईलेक्शन मोड में काम करने को कहा। उन्होंने जिले की अब तक की तैयारियों पर संतोष व्यक्त किया। कहा कि डिस्ट्रिक्ट ईलेक्शन मैनेजमेंट प्लान के अनुसार सभी कार्यों को तयसमय पर पूरा करेंगे। उन्होंने क्रमवार मतदाता सूची में नाम दर्ज करने, निर्वाचन पूर्व तैयारियों, प्रशिक्षण कोषांग, स्वीप कोषांग, ईवीएम कोषांग, वल्नरेबल एवं क्रिटिकल मतदान केंद्रों, वेब कास्टिंग, पेड न्यूज – फेक न्यूज,सीमावर्ती क्षेत्रों पर विशेष चौकसी, हथियार सत्यापन एवं सभी तरह की रिपोर्टिंग कार्य को गंभीरता से पूरा करने को कहा।

इसके अलावा कई अन्य बिंदुओं पर भी एडीशनल सीईओ मंत्रिमंडल निर्वाचन ने संबंधित कोषांग के वरीय एवं नोडल पदाधिकारी से जानकारी ली। उन्होंने सोमवार को शुरू हुए सोशल मीडिया अभियान #IamVerifiedVoter के आयोजन को लेकर भी चर्चा की। इस बाबत तैयार हुए एक वीडियो क्लिप एवं अब तक हुए स्वीप गतिविधियों का पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन देखा। मौके पर उप विकास आयुक्त संदीप कुमार, डीपीएलआर मेनका, अपर समाहर्ता मुमताज अहमद, अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो शैलेश कुमार आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *