अभय कुमार, बोकारो : सोमवार को सोशल मीडिया अभियान #IamVerifiedVoter चलाया गया. अभियान को सफल बनाने में जिला के मतदाताओं के बीच अच्छा खासा उत्साह देखा गया. जिला निर्वाचन पदाधिकारी विजया जाधव की अपील का असर सभी मतदान केन्द्र पर सुबह से ही दिखने लगा. जिला के तमाम मतदान केंद्र पर मतदाता सुबह से आने लगे. मतदाता अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची में अपना नाम जांच कर संतुष्ट होने पर मतदाता सूची के साथ सेल्फी लेकर अपने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर पोस्ट किया. जिन्हें नाम में संशोधन की आवश्यकता थी या नाम जोड़ना था, उन्होंने संबंधित प्रपत्र को मौके पर ही भरकर बीएलओ को जमा किया.
कई मतदाताओं ने ऑनलाइन माध्यम से voter helpline app व voters service portal की मदद से मतदाता सूची में नाम का सत्यापन किया. मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल आफिसर पर्याप्त संख्या में फार्म 06, फार्म 07 व फार्म 08 लेकर मौजूद रहे. निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी व सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह बीडीओ व सीओ ने विभिन्न मतदान केंद्र का निरीक्षण कर बीएलओ को जरूरी दिशा-निर्देश दिया.
