Vartamaan Desk : आज यानी 27 फरवरी को राज्यसभा के चुनाव के लिए मतदान व मतगणना होगी। 15 राज्य से 56 सांसद का चयन किया जाना है। 15 राज्य से में 12 राज्य में खाली सीटों के मुताबिक ही उमीदवार ने नामांकन किया है। यानी कि वे निर्विरोध राज्यसभा के लिए चुने गए हैं। जबकि तीन राज्य (कर्नाटक, उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश) से 15 सीटों के लिए मुकाबला देखने को मिल सकता है। इन्हीं राज्यों में आज राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान होने वाले हैं।
उत्तर प्रदेश में 10 सीट के लिए भारतीय जनता पार्टी ने आठ और समाजवादी पार्टी ने तीन उम्मीदवार उतारे हैं। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी और मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी के पास क्रमशः सात और तीन सदस्यों को निर्विरोध राज्यसभा भेजने के लिए विधानसभा सदस्यों का पर्याप्त संख्या बल है, लेकिन भाजपा ने अपने आठवें उम्मीदवार के रूप में संजय सेठ को मैदान में उतारा है, जिससे एक सीट पर प्रतिस्पर्धा होने की संभावना है।
कर्नाटक में भी माहौल दिलचस्प
हो गया है। यहां भी भाजपा-जद(एस) गठबंधन ने अपना दूसरा उम्मीदवार (कुपेंद्र रेड्डी) मैदान में उतारा, हालांकि गठबंधन चार में से केवल एक सीट जीतने की ताकत रखता है। यहां प्रत्येक उम्मीदवार को जीत के लिए 45 वोट हासिल करना होगा।क्रॉस वोटिंग’ की आशंकाओं के बीच सभी पार्टियों ने मतदान के लिए व्हिप जारी किया है। कर्नाटक में कांग्रेस के पास 134 विधायक, जबकि भाजपा के पास 66 और जद (एस) के पास 19 विधायक हैं, जबकि चार अन्य विधायक हैं।
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है। कांग्रेस ने यहां से अभिषेक मनु सिंघवी को अपना उम्मीदवार बनाया है। हिमाचल प्रदेश में जीत दिलाने के लिए किसी भी पार्टी को 35 वोट की जरूरत होगी। कांग्रेस के पास 40 विधायक हैं। जबकि तीन निर्दलीय भी सरकार के साथ हैं। ऐसे में हिमाचल में कांग्रेस का पलड़ा भारी दिखाई दे रहा है। हालांकि, बीजेपी ने यहां से हर्ष महाजन को उम्मीदवार बनाया है, जो कांग्रेस से ही भाजपा में आए हैं। ऐसे में बीजेपी उम्मीद करेगी कि हर्ष कांग्रेस विधायकों से क्रॉस वोटिंग अपने कब्जे में ले सके। सुबह 09 से शाम 04 बजे के बीच मतदान होगा, इसके बाद वोटों की गिनती शुरू हो जायेगी।