मोदी जी जो बोलते हैं वो करते हैं, 06 साल पहले नींव रखी अब होगा हर्ल प्लांट का उद्घाटन: पशुपति नाथ सिंह

पीएम मोदी के धनबाद दौरा को लेकर सांसद ने की प्रेस से बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक मार्च को धनबाद आ रहे हैं. पीएम मोदी सिंदरी के हर्ल प्लांट (हिन्दुस्तान उर्वरक रसायन लिमिटेड) का उद्‍घाटन करेंगे. साथ ही धनबाद-चंद्रपुरा रेलखंड यानी डीसी लाईन की वैकल्पिक लाइन की नींव रखेंगे. बरवाअड्डा में जनसभा को संबोधित करेंगे. इसे लेकर बीजेपी धनबाद जिला कार्यालय में गुरुवार को प्रेस कांफ्रेंस हुआ. धनबाद सांसद पशुपति नाथ सिंह, धनबाद विधायक राज सिन्हा व बाघमारा विधायक ढुलू महतो ने पत्रकारों से बात की.

धनबाद सांसद श्री सिंह ने कहा : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक मार्च को धनबाद को ऐतिहासिक सौगात देंगे. सिंदरी के हर्ल प्लांट के लोकापर्ण के साथ, यहां रोजगार व विकास का नया मार्ग खुलेगा. पीएम नरेंद्र मोदी जो कहते हैं, उसे पूरा करते हैं. 06 साल पहले यहां हिन्दुस्तान उर्वरक रसायन लिमिटेड (हर्ल) का आधारशिला रखी गयी थी. अब शुक्रवार को पीएम मोदी इसका उद्घाटन करेंगे. एफसीआई सिंदरी के बंद कारखाना से हर्ल की उत्पादन क्षमता 20 गुना अधिक होगी. पीएम नरेंद्र मोदी एक मार्च को धनबाद-चंद्रपुरा रेलखंड की वैकल्पिक लाइन की नींव रखेंगे. विकास की कई अन्य योजनाओं की सौगात देंगे. धनबाद के लिए यह दिन ऐतिहासिक होगा. इसके साथ ही बरवाअड्डा एयरपोर्ट पर पीएम की शुक्रवार को होनेवाली सभा में भी जनसैलाब उमड़ेगा. बीजेपी ने इसके लिए तैयारी कर ली है.

03 लोस के कार्यकर्ता होंगे शामिल
धनबाद विधायक श्री सिन्हा ने कहा : बीजेपी ने संगठन की दृष्टिकोण से धनबाद को एक कलस्टर बनाया है. इस कलस्टर में धनबाद, गिरिडीह और कोडरमा लोकसभा क्षेत्र को शामिल किया गया है. पीएम नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में तीन लोकसभा क्षेत्र के लोग शामिल होंगे. घर-घर से लोग इस कार्यक्रम में शामिल होंगे. मौके पर बीजेपी के प्रदेश मंत्री सरोज सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रागिनी सिंह, पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल, महानगर जिलाध्यक्ष श्रवण राय यादव, मिल्टन पार्थ सारथी भी मौजूद थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *