पत्नी ने रातभर बनाए नोट्स, पति ले आया गोल्ड मेडल

रांची . कहते हैं हर कामयाब पुरुष के पीछे किसी महिला का हाथ होता है. यह कहावत रांची में सच भी होती दिखी. रातू में रहने वाले नसीम अख्तर ने रांची कॉलेज से उर्दू में ग्रेजुएशन (2014-17) व ह्यूमैनिटीज (2017-19) में मास्टर्स डिग्री में टॉप करने के साथ चार गोल्ड मेडल भी प्राप्त किए. लेकिन, यहां तक पहुंचना नसीम के लिए आसान नहीं था. कई बार तो नसीम को 10 KM तक कॉलेज जाने के लिए पैदल भी चलना पड़ा.

नसीम ने बताया कि कामयाबी के इस पायदान तक का सफर मेरे लिए इतना आसान नहीं था. क्योंकि, मेरे घर में आर्थिक तंगी बहुत थी. पापा किसान और मां गृहणी हैं. किसान के तौर पर उनकी आमदनी उतनी नहीं थी कि वह मेरे स्कूल की फीस भी भर पाएं, इसलिए शुरू से ही ट्यूशन पढ़ाकर अपनी पढ़ाई का खर्च मैंने खुद उठाया है. स्कूल की फीस से लेकर कापी-किताब खर्च भी वहन किया.

रातभर जाग कर पत्नी बनाती थी नोट्स
नसीम बताते हैं कि घर की स्थिति देखकर पत्नी हमेशा मुझे कहती थी कि इन बुरे दिनों को आपको ही बदलना है. यह सिर्फ शिक्षा से ही संभव है. कई बार ऐसा होता था कि एग्जाम के समय रात में मुझे नींद आ जाती थी. तब वह मुझे उठा देती थी, कहती थी कि सोने से सफलता नहीं मिलती. पत्नी रातभर बैठकर मेरे नोट्स बनाती और मैं उस नोट्स की स्टडी करता.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *