उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, 810 लीटर स्पिरिट एवं 50 लीटर महुआ शराब जब्त
03 हजार किलो फरमेंटेंड महुआ को टीम ने किया नष्ट
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी बोकारो विजया जाधव के निर्देश पर शुक्रवार को सहायक आयुक्त उत्पाद बोकारो के मार्गदर्शन एवं निरीक्षक उत्पाद के पर्यवेक्षण में जिला उत्पाद टीम ने नावाडीह थाना अंतर्गत जमुनिया नदी किनारे, दहीयारी ग्राम के जंगल में अवैध शराब निर्माण स्थलों पर छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने 810 लीटर स्प्रीट एवं 50 लीटर महुआ शराब जब्त किया। वहीं, 03 हजार किलो फरमेंटेंड महुआ को नष्ट किया गया।
छापेमारी के क्रम में संदिग्ध अभियुक्तों पर उत्पाद अधिनियम की संगत धाराओं के आधार पर अभियोग दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी दल में निरीक्षक उत्पाद संजीत देव, अवर निरीक्षक सदर कृष्णा प्रजापति एवं अवर निरीक्षक चंद्रपुरा दीपिका कुमारी आदि शामिल थे।
जानकारी हो कि,लोकसभा आम निर्वाचन 2024 को लेकर बोकारो जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। उपायुक्त बोकारो ने सहायक आयुक्त उत्पाद को लगातार अभियान चलाकर अवैध शराब के निर्माण – बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
